सीएम ने ग्वालियर कमिश्नर के बाद कटनी एसपी को हटाया
कटनी
ग्वालियर नगर निगम कमिश्नर संदीप माकिन को फटकार लगाने के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कटनी एसपी ललित शाक्यवार को हटाने के निर्देश भी दे दिए हैं। बता दें कि दो दिन पहले ही ललित शाक्यवार की विभागीय पदोन्नति की गई थी। इधर, सीएम के आदेश के बाद संदीप माकिन को अस्थायी रूप से उप सचिव मध्यप्रदेश शासन नियुक्त किया गया है। वहीं ललित शाक्यवार को अस्थायी रूप से सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया है।
अपनी चौथी पारी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक तरफ माफिया को जड़ से उखाड़ने के लिए कड़ा रूख अख्तियार किया है, वहीं वो लापरवाह अधिकारियों को लेकर भी बेहद सख्त नजर आ रहे हैं। सोमवार को कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री के गुस्से की गाज सबसे पहले ग्वालियर कमिश्नर पर पड़ी। सफाई व्यवस्था को लेकर हमेशा विवादों में रहने वाली ग्वालियर नगर निगम के मुखिया संदीप माकिनको मुख्यमंत्री ने कलेक्टर कमिश्नर कॉंफ़्रेंस में फटकार लगाई और अधिकारियों से कहा कि बहुत हो गया अब इनकी छुट्टी कर दो। इसके बाद अवैध उत्खनन पर उचित कार्रवाई न करने पर नाराजगी जताते हुए सीएम ने कटनी के एसपी ललित शाक्यवार को भी हटाने के निर्देश दे दिए। इसके अलावा भिंड कलेक्टर वीरेंद्र सिंह रावत को भी पीएम स्वनिधि योजना में स्ट्रीट वेंडरों को राशि देने में देरी करने के फटकार पड़ी। इसी के साथ सीएम ने सभी जिले के अधिकारियों को व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने और लापरवाही बरतने पर कार्रवाई करने की ताकीद भी की।

पाठको की राय